उज्जैन के काल भैरव मंदिर में बवाल! दर्शन के बाद भक्तों और गार्ड्स के बीच धक्का-मुक्की, SDM की जांच में सामने आई बड़ी गलती

मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं और मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद होता दिख रहा है, जिसने शहर में चर्चा का विषय बना दिया है। हालांकि, बाद में किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।

जानिए क्या है पूरा मामला?

बताया गया है कि वायरल वीडियो शुक्रवार शाम का है। महाराष्ट्र से आए 30 से 40 श्रद्धालुओं का एक समूह महाकाल दर्शन के बाद काल भैरव मंदिर पहुंचा था। अत्यधिक भीड़ के कारण, सुरक्षाकर्मी भक्तों से जल्दी दर्शन करके आगे बढ़ने का आग्रह कर रहे थे। इसी दौरान, मंदिर के मुख्य द्वार के पास कुछ महिला श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद शुरू हो गया।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि मंदिर कर्मी और सुरक्षाकर्मी महिलाओं को हाथ पकड़कर मंदिर परिसर से बाहर धकेल रहे हैं। इस दौरान एक महिला एक पुरुष सुरक्षाकर्मी की शर्ट पकड़ लेती है और एक बुजुर्ग महिला गार्ड को मुक्का मारने की कोशिश करती है। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें जबरन बाहर धकेला।

सीसीटीवी फुटेज में भक्तों की गलती आई सामने:

एसडीएम एलएन गर्ग ने विवाद के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र से आए श्रद्धालु दर्शन के बाद आगे बढ़ने से मना कर रहे थे, जिसके बाद गार्ड ने उन्हें आगे बढ़ने का अनुरोध किया ताकि अन्य भक्त भी दर्शन कर सकें। इसके जवाब में, भक्तों ने गार्ड को अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट करते हुए उसे गर्भ गृह के सामने वाले निकास द्वार तक जबरन खींचने की कोशिश की।

काल भैरव मंदिर प्रशासन और भटैरवगढ़ पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद श्रद्धालुओं की गलती साबित हुई। हालांकि, मंदिर प्रशासन की अपील पर कि कोई कानूनी कार्रवाई न की जाए, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले का निपटारा कर दिया। प्रशासन ने उज्जैन आने वाले भक्तों के साथ संयमित व्यवहार करने के लिए सुरक्षाकर्मियों को भी निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *