पन्ना टाइगर रिजर्व में रचा इतिहास! हथिनी ‘अनारकली’ ने 3 घंटे के अंतराल पर दिया दो बच्चों को जन्म, जानें क्यों है यह दुर्लभ घटना

मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व (PTR) में एक बेहद दुर्लभ और सुखद घटना हुई है। पीटीआर की हथिनी ‘अनारकली’ ने एक साथ दो स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है, जो इस रिजर्व के इतिहास में पहली बार हुआ है। इस डबल गुड न्यूज से रिजर्व प्रबंधन में खुशी की लहर दौड़ गई है।

3 घंटे के अंतराल पर हुआ दोहरा प्रसव:

पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यजीव पशु चिकित्सक डॉ. संजीव गुप्ता ने जानकारी दी कि 21 नवंबर 2025 को हथिनी अनारकली ने दो शावकों को जन्म दिया। दोनों शावक स्वस्थ हैं और निगरानी में हैं। दोनों शावक मादा हैं।

  • पहला शावक: दोपहर 2:20 बजे खिरैया में पैदा हुआ।
  • दूसरा शावक: लगभग तीन घंटे बाद, शाम 5:50 बजे खिरैया से करीब आधा किलोमीटर दूर एलिफेंट कैंप हिनाउटा में पैदा हुआ।

डॉ. गुप्ता ने बताया, वन्यजीवों में किसी मादा हाथी द्वारा एक साथ दो स्वस्थ बच्चों को जन्म देना अद्वितीय और अत्यंत दुर्लभ है। इस घटना के बाद पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथियों की संख्या 19 से बढ़कर 21 हो गई है।

‘अनारकली’ को मिल रहा स्पेशल डाइट:

लगभग 61 वर्षीय हथिनी अनारकली को 1986 में सोनपुर मेला से पीटीआर लाया गया था। पिछले 39 वर्षों से वह रिजर्व के लिए काम कर रही है और अब तक उसने कुल सात शावकों को जन्म दिया है।

दो शावकों के जन्म के बाद अनारकली का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया, “अनारकली को गुड़, गन्ना और शुद्ध घी से बने लड्डू का एक विशेष आहार दिया जाएगा। यह सुनिश्चित करेगा कि दोनों शावकों के लिए पर्याप्त दूध उपलब्ध हो।” यह दुर्लभ घटना बाघों के साथ-साथ पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथियों की संख्या वृद्धि में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *