शादी के बाद करेंगे अंतिम संस्कार, तब तक माँ की लाश फ्रीज में रखो!’ गोरखपुर में बेटों ने ठुकराया शव
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहाँ दो बेटों ने अपनी माँ के शव को लेने से इनकार कर दिया। बड़े बेटे ने तर्क दिया कि उसके बेटे की शादी चल रही है, इसलिए शव को घर लाना ‘अशुभ’ होगा। उसने तो यहाँ तक कह दिया कि शव को चार दिनों के लिए फ्रीज में रख दिया जाए और शादी के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा!
यह हृदय विदारक घटना गोरखपुर के भुवाल गुप्ता और उनकी पत्नी शोभा देवी के साथ हुई। एक साल पहले उनके बड़े बेटे ने उन्हें ‘बोझ’ कहकर घर से निकाल दिया था। अपमानित होकर इस बुजुर्ग दंपत्ति ने आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन बाद में उन्हें जौनपुर के एक वृद्धाश्रम में जगह मिली। 19 नवंबर को इलाज के दौरान शोभा देवी की मृत्यु हो गई।
जब वृद्धाश्रम प्रमुख ने छोटे बेटे को माँ की मृत्यु की खबर दी और उनकी अंतिम इच्छा (गोरखपुर में अंतिम संस्कार) बताई, तो छोटे बेटे ने बड़े भाई की शादी का हवाला देते हुए माँ के शव को चार दिन फ्रीज में रखने की मांग की ताकि शादी के बाद अंतिम संस्कार हो सके।
बेटों की इस क्रूर मांग से आहत और क्रोधित पति भुवाल ने शुरुआत में जौनपुर में ही पत्नी का अंतिम संस्कार करने का फैसला किया, लेकिन बेटियों के अनुरोध पर वह शव लेकर गोरखपुर पहुँचे।
बावजूद इसके, बड़े बेटे ने शादी का हवाला देकर माँ के शव को घर के अंदर ले जाने से साफ इनकार कर दिया। थक-हारकर और मजबूर होकर, गाँव वालों और रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से भुवाल गुप्ता को कैंपियरगंज के एक घाट के पास कीचड़ में ही पत्नी के शव को दफनाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
वृद्ध पति भुवाल गुप्ता ने रोते हुए कहा, “मैं अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार भी नहीं कर सका। चार दिन बाद शरीर में कीड़े पड़ जाएँगे।” इस घटना ने रिश्तों और संस्कारों पर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।