दुबई में LCA तेजस क्रैश में शहीद! विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर कांगड़ा पहुंचा, गांव में पसरा मातम
दुबई इंटरनेशनल एयर शो के दौरान हल्के लड़ाकू विमान एलसीए तेजस (LCA Tejas) के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में जान गंवाने वाले विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके पैतृक गांव हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पाटियालकर पहुंचा। देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले इस वीर जवान के अंतिम दर्शन के लिए खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदार और सैंकड़ों ग्रामीण गहरे शोक में उनके घर पर जमा हो गए।
शनिवार दोपहर जैसे ही उनका ताबूत में बंद पार्थिव शरीर पाटियालकर स्थित आवास पर पहुँचा, एक मार्मिक और हृदय विदारक दृश्य देखने को मिला। परिवार के सदस्यों के रोने-बिलखने से पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया।
विंग कमांडर नमांश स्याल के इस बलिदान को सम्मान देने के लिए स्थानीय प्रशासन ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने देश सेवा में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
देश के एक जांबाज सैनिक की इस असामयिक मृत्यु से न केवल परिवार बल्कि पूरे कांगड़ा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।