शादी के 15 दिन बाद दुल्हन का ‘राज’ खुला! विग देखकर पति ने मांगा तलाक

उत्तर प्रदेश के पीपीगंज में हाल ही में हुई एक शादी 15 दिनों के अंदर ही तलाक के मुहाने पर पहुँच गई है। दूल्हे के परिवार का आरोप है कि दुल्हन ने गंजापन छुपाने के लिए विग का इस्तेमाल किया था और यह बात उनसे छिपाकर उनके साथ धोखाधड़ी की गई। शादी के कुछ दिन बाद ही विग गिरने से यह ‘राज’ खुल गया, जिसके बाद ससुराल वालों ने दुल्हन को मायके भेज दिया और उसे बहू मानने से इनकार कर दिया।
वहीं, दुल्हन की मां ने पीपीगंज थाने में ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है और मांग की है कि लड़के वाले उनकी बेटी को वापस ले जाएं। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों अपनी-अपनी जिद पर अड़े रहे। ससुराल पक्ष ने दुल्हन की विदाई कराने से साफ मना कर दिया। पुलिस ने बताया कि अगले सप्ताह फिर से पंचायत बुलाई गई है। अगर बातचीत से मामला हल नहीं होता है, तो केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।