पत्नी के एक थप्पड़ से नाराज़ पति हाई-वोल्टेज टावर पर चढ़ा, पुलिस की सूझबूझ से बची जान
झारखंड के टुंडी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विवाहित युवक पत्नी के थप्पड़ से नाराज़ होकर एक हाई-वोल्टेज बिजली के टावर पर चढ़ गया। पुलिस के तत्काल हस्तक्षेप और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
यह घटना टुंडी थाना क्षेत्र के कोलहार पंचायत के नोहाट गांव से सटे खरियौटांड गांव की है। टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान 32 वर्षीय अशोक मरांडी के रूप में हुई है।
टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने जानकारी दी कि अशोक मरांडी शादीशुदा हैं, लेकिन वह अक्सर किसी अन्य महिला से फोन पर बात करते थे। उनकी पत्नी उन्हें उस महिला से बात करने से मना करती थीं। सोमवार को भी अशोक उसी महिला से बात कर रहे थे, जिस पर पत्नी ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा शुरू हो गया और गुस्से में पत्नी ने अशोक को थप्पड़ मार दिया।
पत्नी द्वारा थप्पड़ मारे जाने से आहत और आक्रोशित होकर अशोक एक हाई-टेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले बिजली विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद करवाई। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस अशोक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।