गुरुग्राम में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पालम विहार की सड़कों से हटाए गए रेहड़ी-पटरी और खोखे

नगर निगम गुरुग्राम (MCG) की स्ट्रीट वेंडिंग मैनेजमेंट टीम ने सोमवार को पालम विहार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने मार्केट और मुख्य सड़कों के आसपास फैले अवैध कब्जों को हटाकर सार्वजनिक मार्गों को सुगम बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।

इस कार्यवाही के दौरान, टीम ने सड़क किनारे और फुटपाथों पर लगी अवैध रेहड़ियां, पटरी, खोखे, ढाबों और अन्य प्रकार के अस्थाई अतिक्रमण को सख्ती से हटाया। कई दुकानदारों और वेंडर्स द्वारा सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से फैलाए गए सामान को भी तुरंत हटाया गया। निगम की टीम ने नियमों का उल्लंघन करते हुए लगाए गए तिरपाल, लकड़ी के ढांचे, स्टॉल और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पालम विहार क्षेत्र में अवैध कब्जों के कारण राहगीरों को भारी परेशानी होती थी और यातायात में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। नगर निगम के अनुसार, शहर में सुगम आवागमन और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगी। नगर निगम ने जनता को चेतावनी दी है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *