जनता दर्शन योगी आदित्यनाथ का, ‘शिकायत समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’, अधिकारियों को सीएम की सीधी चेतावनी!
लखनऊ में सोमवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ में राज्य भर से 52 से अधिक शिकायतकर्ता अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्वयं प्रत्येक शिकायतकर्ता के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
शिकायत समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
गोरखपुर, शामली, झांसी, कन्नौज सहित कई जिलों से लोग अवैध कब्जे, बिजली बिल, वित्तीय सहायता, शिक्षा और पुलिस से संबंधित मुद्दों को लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया:
“जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जिले में ही पीड़ितों की शिकायतें सुनें और समय पर उनका समाधान सुनिश्चित करें। शिकायत समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को जिला स्तर पर ही इन शिकायतों को गंभीरता से हल करना चाहिए। उन्होंने डीएम और एसएसपी को विशेष रूप से निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए।
बच्चों को दिया आशीर्वाद
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने अपने माता-पिता के साथ आए बच्चों से भी बातचीत की। उन्होंने बच्चों के नाम पूछे, उन्हें चॉकलेट वितरित किए और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता की सेवा और सुरक्षा ही सरकार का मुख्य संकल्प है। राज्य के लोगों की हर जायज समस्या का लगातार समाधान किया जा रहा है और भविष्य में भी यह प्रतिबद्धता जारी रहेगी।