बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर को निधन, अंतिम संस्कार में उमड़ा सितारों का हुजूम, आखिरी पोस्ट हुआ वायरल
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का आज 24 नवंबर को निधन हो गया है। ‘ही-मैन’ के निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और देश में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई उनके निधन पर दुख व्यक्त कर रहा है। सोशल मीडिया पर उनके अंतिम संस्कार के बाद की तस्वीरों और वीडियो की बाढ़ सी आ गई है। इसी बीच ‘ही-मैन’ का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्या था ‘ही-मैन’ का आखिरी संदेश?
धर्मेंद्र ने अपने इंस्टाग्राम पर आखिरी पोस्ट 2 अक्टूबर को शेयर किया था। इस वीडियो पोस्ट में ‘ही-मैन’ कई लोगों के बीच नजर आ रहे थे। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं दी थीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा था, “तमाम भाई-बहनों, बच्चे-बच्चियों को दशहरे की शुभकामनाएं। भगवान आपको लंबी सेहत दें, खुशियां दें, आप नेक बनकर रहें, फिर तरक्की ही तरक्की है।” ‘ही-मैन’ के इस वीडियो पर यूजर्स ने ढेर सारा प्यार लुटाया था और दिल की इमोजी शेयर की थी।
धर्मेंद्र के निधन से एक युग का अंत
गौरतलब है कि नवंबर का महीना देओल परिवार के लिए बेहद दुखद रहा है। नवंबर के शुरुआती दिनों में ही ‘ही-मैन’ की खराब तबीयत की खबरें आई थीं। इसके बाद धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें भी फैली थीं, जिसे देओल परिवार ने खारिज किया था। लेकिन आज 24 नवंबर को ‘ही-मैन’ ने हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह दिया। धर्मेंद्र के निधन से बॉलीवुड के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया है। ‘ही-मैन’ ने हिंदी सिनेमा को कई शानदार फिल्में दी हैं।
आखिरी विदाई देने पहुंचा पूरा बॉलीवुड
धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार में उन्हें आखिरी विदाई देने के लिए हिंदी सिनेमा के तमाम बड़े सितारे पहुंचे थे। इस दौरान अक्षय कुमार, सलमान खान, रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन, आमिर खान, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, अनिल कपूर, जायद खान, सिद्धार्थ रॉय कपूर और अगस्त्य नंदा सहित कई बॉलीवुड हस्तियों को देखा गया। ‘ही-मैन’ के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके दुख जाहिर किया है।