‘2005 की ममता कहां गईं?’ घुसपैठिए मुद्दे पर BJP सांसद सुधांशु त्रिवेदी का तीखा हमला, TMC से मांगा स्पष्टीकरण!
नई दिल्ली: बांग्लादेशी घुसपैठियों के मुद्दे पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर ‘यू-टर्न’ लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि 2005 में ममता बनर्जी ने स्वयं संसद में घुसपैठ का पुरजोर विरोध किया था, लेकिन अब वह राजनीतिक लाभ के लिए उन्हीं घुसपैठियों के पक्ष में खड़ी हैं।
बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने मंगलवार को इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) से तत्काल स्पष्टीकरण की मांग की। त्रिवेदी ने कहा, “2005 में ममता बनर्जी का रुख स्पष्ट था—वह घुसपैठियों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग कर रही थीं। लेकिन अब उनकी भाषा पूरी तरह बदल चुकी है। वह उस गलती का समर्थन कर रही हैं जो वाम दलों के शासनकाल में हुई थी।”
बीजेपी सांसद ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए अपने पुराने रुख से पलट गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया, “जिस नेता ने एक समय घुसपैठियों के विरोध में संसद में फाइलें फेंकी थीं, आज वह उनका समर्थन क्यों कर रही हैं?” सुधांशु त्रिवेदी के इस बयान ने राज्य की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है, और अब सभी की निगाहें तृणमूल कांग्रेस के जवाब पर टिकी हैं।