कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसा! रात में ट्रांसफार्मर ठीक करते समय करंट लगने से ALM अनूप कुमार की मौत, एक साल पहले ही ज्वाइन की थी नौकरी

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में बिजली निगम के सहायक लाइनमैन (ALM) अनूप कुमार (34) की करंट लगने से मौत हो गई। वे रविवार रात करीब 10:30 बजे तिलक कॉलोनी में ट्रांसफॉर्मर खराब होने की शिकायत को ठीक करने गए थे। खंभे पर चढ़ते ही उन्हें करंट लगा और वे नीचे गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। साथी उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हिसार के थे निवासी, मोबाइल इंजीनियर थे

अनूप हिसार के हांडा खेड़ी के निवासी थे और बिजली निगम में एक साल पहले ही भर्ती हुए थे। इससे पहले वे जींद में एक मोबाइल कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करते थे, लेकिन विभाग में चयन के बाद उन्होंने वह कंपनी छोड़ दी थी। पिहोवा में उनकी पहली पोस्टिंग हुई थी।

उनके परिवार में पत्नी, 7 साल का बेटा और 4 साल की बेटी है। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यूनियन ने दी घटना की जानकारी

एचएसईबी वर्कर यूनियन के प्रधान बलबीर रंगा ने बताया कि रविवार रात को तिलक कॉलोनी से बिजली में फ्लक्चुएशन की शिकायत मिली थी। अनूप कुमार अपने साथी अमन के साथ कंप्लेन पर ट्रांसफॉर्मर ठीक करने मौके पर गए थे। जैसे ही अनूप कुमार खंभे पर चढ़े, करंट लगते ही वह नीचे गिर गए। नीचे गिरने से उनके हाथ और गर्दन पर चोट आई। अमन ने तुरंत अन्य साथियों को सूचना दी और अनूप को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फोरेंसिक रिपोर्ट में मौत का प्राथमिक कारण करंट लगना बताया गया है, जबकि विसरा आगे की जांच के लिए भेजा गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *