श्रेयस अय्यर ने शुरू की ट्रेनिंग, ऑस्ट्रेलिया वनडे में कैच लेते वक्त हुई थी ‘प्लीहा’ की गंभीर चोट—साउथ अफ्रीका वनडे से बाहर
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। स्टार क्रिकेटर श्रेयस अय्यर ने अपनी चोट से उबरने के बाद दोबारा ट्रेनिंग शुरू कर दी है। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच में कैच लेते समय गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे।
प्लीहा (Spleen) में आई थी गंभीर चोट
श्रेयस अय्यर ने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने ट्रेनिंग और रिकवरी से जुड़े अभ्यास शुरू कर दिए हैं। 25 अक्टूबर को सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान एक कैच लेते समय अय्यर गिर गए थे, जिससे उनकी प्लीहा (Spleen) में चोट लग गई थी। चोट लगते ही उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया था और बाद में आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
ऑस्ट्रेलिया में हुई थी सर्जरी
बीसीसीआई ने पुष्टि की थी कि अय्यर को पेट में गंभीर चोट आई थी, जिसके कारण उनकी प्लीहा को नुकसान पहुंचा और अंदरूनी रक्तस्राव शुरू हो गया था। इस समस्या को ठीक करने के लिए उनकी एक छोटी सर्जरी की गई थी। नवंबर में भारत लौटने के बाद से वह डॉ. दिनशॉ पारदीवाला की निगरानी में इलाज करा रहे हैं।
पूरी तरह फिट नहीं, दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर
हालांकि, अभी तक अय्यर पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं, इसलिए वह 30 नवंबर से शुरू होने वाली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
वनडे कप्तान शुभमन गिल भी चोट के कारण साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज से बाहर हैं। शुभमन गिल की जगह केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी गई है। गिल को कोलकाता में पहले टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लगी थी।
फिलहाल, भारतीय टीम गुवाहाटी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच खेल रही है, जहां वह हार की कगार पर है। मैच जीतने के लिए भारत को आखिरी दिन 500 से ज्यादा रन बनाने होंगे।