SITMEX-25 शुरू, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में ताकत दिखा रहे भारत, सिंगापुर और थाईलैंड, नौसेनाओं का संयुक्त अभ्यास जारी
भारत, सिंगापुर और थाईलैंड की नौसेनाओं के बीच त्रिपक्षीय समुद्री अभ्यास एसआइटीएमईएक्स (SITMEX) का पाँचवाँ संस्करण २३ नवंबर को शुरू हुआ। इस वर्ष, इसका आयोजन रिपब्लिक ऑफ सिंगापुर नेवी (RSN) द्वारा किया जा रहा है। इस अभ्यास का उद्देश्य समुद्री सहयोग को बढ़ावा देना, आपसी कार्यक्षमता में सुधार लाना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में तीनों नौसेनाओं की सामूहिक क्षमता को मजबूत करना है।
उच्चायुक्त द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभ्यास की शुरुआत तीन दिवसीय ‘हार्बर फेज’ (बंदरगाह चरण) से हुई, जिसमें क्रॉस-डेक विजिट, पेशेवर आदान-प्रदान और मैत्रीपूर्ण खेल आयोजन शामिल थे। इसका लक्ष्य भाग लेने वाले कर्मियों के बीच आपसी समझ और भाईचारे का निर्माण करना था।
नौसेना घटक कमांडर कोमोडोर नितेश गर्ग और आईएनएस कर्मुक (INS Karmuk) के कमांडिंग अफसर ने सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले से मुलाकात की और उन्हें चल रहे समुद्री अभ्यास के बारे में जहाज के दौरे की जानकारी दी।
अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के साथ समुद्री चरण २६ नवंबर से चल रहा है और २९ नवंबर को समाप्त होगा, जिसमें जटिल संचालन, सामरिक अभ्यास और संचार अभ्यास शामिल हैं।