इंडिगो की 70 से ज़्यादा फ्लाइट्स कैंसिल, मुंबई-बेंगलुरु एयरपोर्ट पर हाहाकार! क्या क्रू की कमी है असली वजह?
नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइन ने आज, 3 दिसंबर 2025 को, 70 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी हैं। पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इसमें मुख्य रूप से बेंगलुरु और मुंबई हवाई अड्डों की उड़ानें शामिल हैं। इस बड़े व्यवधान का कारण इंडिगो में क्रू (केबिन क्रू और पायलट) की भारी कमी बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, एयरलाइन को अपनी उड़ानें संचालित करने के लिए क्रू जुटाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण कई फ्लाइट्स अलग-अलग एयरपोर्ट्स पर देरी से उड़ रही हैं।
इंडिगो का आधिकारिक बयान
फ्लाइट्स रद्द होने और देरी पर इंडिगो ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “पिछले कुछ दिनों में तकनीकी समस्या, एयरपोर्ट पर भीड़ और ऑपरेशनल ज़रूरतों सहित कई कारणों से हमारी कुछ उड़ानों में देरी हुई है और कुछ रद्द भी हुई हैं।”
दिक्कत की जड़: FDTL के नए नियम
पीटीआई को एक सूत्र ने बताया कि इस समस्या की मुख्य वजह FDTL (Flight Duty Time Limitation) नॉर्म्स के दूसरे फेज़ का लागू होना है। सूत्र के अनुसार, “FDTL नॉर्म्स के दूसरे फेज़ के लागू होने के बाद से इंडिगो क्रू की भारी कमी से जूझ रहा है, जिससे देशभर के एयरपोर्ट्स पर ऑपरेशन्स में कैंसलेशन और भारी देरी हो रही है।” मंगलवार को हालात बिगड़े और बुधवार को यह कमी और भी गंभीर हो गई।
नए FDTL नियमों में साप्ताहिक आराम का समय बढ़ाकर 48 घंटे करना, रात के घंटों को बढ़ाना, और रात में लैंडिंग की संख्या को पहले के छह के मुकाबले सिर्फ दो तक सीमित करना शामिल है। इन नियमों को लागू करने में एयरलाइंस ने शुरू में विरोध किया था, लेकिन DGCA के निर्देशों के बाद, इन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया।
ऑन-टाइम परफॉर्मेंस में भारी गिरावट
नागरिक उड्डयन मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, मंगलवार को इंडिगो का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) देश के छह प्रमुख घरेलू एयरपोर्ट्स पर गिरकर महज़ 35 प्रतिशत रह गया। जबकि अन्य प्रमुख एयरलाइनों जैसे एयर इंडिया का 67.2%, स्पाइसजेट का 82.50% और अकासा एयर का 73.20% OTP रहा।
गौरतलब है कि इंडिगो, जो गुरुग्राम स्थित है, प्रतिदिन लगभग 2,100 घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें संचालित करती है, जिनमें से एक बड़ा हिस्सा रात में ऑपरेट होता है।