चेहरे छिपाकर हमला, परिसर में तनाव! BHU में तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात, क्या बाहरी तत्वों ने भड़काई हिंसा?

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में मंगलवार देर रात छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई झड़प के बाद पथराव में कई लोग घायल हो गए। लक्ष्मण दास गेस्ट हाउस से बिरला हॉस्टल तक कैंपस में लगभग तीन घंटे तक भारी तनाव बना रहा।

इस हिंसा और तोड़फोड़ की घटना पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। विश्वविद्यालय के सहायक सुरक्षा अधिकारी हसन अब्बास जैदी की शिकायत के आधार पर, लंका पुलिस ने दो नामजद सहित 100 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दंगा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है।

मामले में नामजद आरोपियों में अंकित सिंह और पूर्व छात्र अंकित पाल का नाम शामिल है। पुलिस के मुताबिक, अंकित सिंह बाहरी है, जबकि बाकी हमलावर अपना चेहरा ढके हुए थे।

हिंसा की वजह क्या?

मंगलवार देर रात सुंदर बगिया गेट के पास दो युवकों का एक छात्र से विवाद हो गया। इसके बाद सुरक्षा टीम के सुपरवाइजर विनोद शर्मा उन्हें समझाने के लिए ऑफिस ले गए। ठीक उसी समय, लगभग 100 नकाबपोश युवक वहाँ पहुँचे और सुरक्षा टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों पर कैंपस में लगे ‘तमिल संगमम’ के स्वागत पोस्टर भी फाड़ने का आरोप है।

घटना के तुरंत बाद कैंपस में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि सहायक सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सुरक्षा के लिए कई थानों के पुलिसकर्मियों को बीएचयू परिसर में तैनात किया गया है। फिलहाल, कैंपस में शांति है, लेकिन तनाव बरकरार है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *