आत्मनिर्भरता और आधुनिकीकरण पर फोकस! नौसैनिकों को बधाई देकर तटीय सुरक्षा के महत्व को बताया, प्रधानमंत्री ने दिया खास संदेश!
नौसेना दिवस (Navy Day) के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय नौसेना के सभी कर्मियों को बधाई दी है। गुरुवार को उन्होंने अपने एक्स (X) हैंडल पर एक दो मिनट का वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने नौसैनिकों को ‘असाधारण साहस और दृढ़ता’ का पर्याय बताया।
प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा, “भारतीय नौसेना के सभी कर्मियों को नौसेना दिवस की शुभकामनाएँ। हमारी नौसेना असाधारण साहस और दृढ़ता का पर्याय है।” उन्होंने आगे कहा कि नौसैनिक “हमारे तटों की रक्षा करते हैं और हमारे समुद्री हितों को बनाए रखते हैं।”
नौसेना की हालिया उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए मोदी ने लिखा, “हाल के वर्षों में, हमारी नौसेना ने आत्मनिर्भरता और आधुनिकीकरण पर ध्यान केंद्रित किया है। इसने हमारी सुरक्षा व्यवस्था को और उन्नत किया है।”
इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपने एक व्यक्तिगत अनुभव को भी याद किया। उन्होंने कहा, “मैं इस साल की दिवाली कभी नहीं भूल पाऊंगा, जो मैंने आईएनएस विक्रांत पर नौसेना कर्मियों के साथ बिताई थी।” प्रधानमंत्री ने भारतीय नौसेना को उनके भविष्य के सभी प्रयासों के लिए शुभकामनाएँ देते हुए अपना संदेश समाप्त किया।