ऐसी RSS मार्का मुख्यमंत्री से बेहतर BJP का CM हो’, TMC से सस्पेंड होते ही ममता बनर्जी पर भड़के हुमायूं कबीर
पार्टी विरोधी आचरण के कारण गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपने नेता हुमायूं कबीर को सस्पेंड कर दिया। बहरमपुर की एक सभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी बिना नाम लिए हुमायूं पर निशाना साधते देखा गया। पार्टी से सस्पेंड होने के बाद हुमायूं कबीर ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ खुलकर गुस्सा निकाला और कई विस्फोटक बयान दिए।
ममता पर ‘RSS मार्का मुख्यमंत्री’ होने का आरोप:
पत्रकारों के सामने हुमायूं कबीर ने आक्रामक लहजे में ममता बनर्जी पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया:
- “आज, मुख्यमंत्री लोगों से फंड लेकर जगन्नाथ मंदिर बनाती हैं, वे दुर्गा पूजा के लिए फंड देती हैं। मुस्लिम धर्मगुरुओं को 3,000 रुपये का भत्ता दिया जाता है, सभी भत्तों को मिलाकर 54,000 रुपये दिए जा रहे हैं। वहीं, हर साल पूजा समितियों को 1,10,000 रुपये दिए जाते हैं। वह आरएसएस का काम कर रही हैं।”
- उन्होंने आगे कहा, “ऐसी आरएसएस मार्का मुख्यमंत्री से बेहतर होगा कि सीधे भाजपा का कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री बने, जिसका मैं वेलकम करूंगा।“
पार्टी से सस्पेंड किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाया, “जब वह पहली बार सत्ता में आईं, तो उन्हें 182 सीटें मिलीं… मुझे पार्टी में शामिल किया गया था… 12-13 साल तक मेरे साथ ऐसा क्यों किया गया? मुझे पार्टी में क्यों शामिल किया गया था?”
2026 में ‘पूर्व मुख्यमंत्री’ बनने की भविष्यवाणी:
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाना बनाते हुए हुमायूं कबीर ने भविष्यवाणी की, “मुख्यमंत्री को अब पूर्व मुख्यमंत्री बनना होगा। 2026 में, मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री नहीं बनेंगी, शपथ नहीं लेंगी और पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में जानी जाएंगी।”
गौरतलब है कि हाल ही में मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद बनाने का आह्वान करके हुमायूं कबीर सुर्खियों में आए थे। इसके बाद ही 4 दिसंबर को तृणमूल कांग्रेस ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
सस्पेंड होने के बाद हुमायूं कबीर ने नई पार्टी बनाने की धमकी देते हुए कहा, “मैं 22 दिसंबर को एक नई पार्टी की घोषणा करूंगा और (पश्चिम बंगाल चुनाव में) 135 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारूंगा। मैं भाजपा और उनके (तृणमूल) दोनों के खिलाफ लड़ूंगा। वे जो चाहें कर सकते हैं।”