CID ऑफिसर की पत्नी को बीच रास्ते उतारा, दी गालियां और अश्लील टिप्पणी! सॉल्टलेक में ऐप बाइक ड्राइवर गिरफ्तार
एक ऐप आधारित बाइक चालक के खिलाफ सीआईडी (CID) अधिकारी की पत्नी को अभद्र टिप्पणी करने, गाली-गलौज करने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी चालक ने कथित तौर पर महिला को बीच रास्ते में ही उतार दिया। इस घटना के बाद विधाननगर दक्षिण थाना पुलिस ने आरोपी बाइक चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोज की तरह शुक्रवार को भी सीआईडी अधिकारी की पत्नी ने ऐप के जरिए एक बाइक बुक की और सॉल्टलेक स्थित अपने कार्यस्थल जा रही थीं। उनका आरोप है कि चिंगड़ीघाटा इलाके के पास लोहापुल पार करते समय बाइक चालक ने उनके बताए गए गंतव्य की ओर न जाकर दूसरी सड़क पर मोड़ लिया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो चालक ने उन्हें बीच रास्ते में ही बाइक से उतार दिया।
शिकायत के मुताबिक, उतारने के दौरान बाइक चालक ने महिला को अश्लील टिप्पणी की, गाली-गलौज किया और धमकी भी दी। उत्पीड़न का शिकार होने के बाद महिला ने तुरंत पास में तैनात ट्रैफिक पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विधाननगर दक्षिण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
इस घटना ने ऐप आधारित बाइक सेवाओं में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस ने खबर मिलते ही त्वरित कार्रवाई की है और विधाननगर दक्षिण थाना पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।