सहारनपुर में जमीन विवाद पर गांव बना रणक्षेत्र! लाठी, रॉड, ईंट-पत्थर चले, दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल, भारी पुलिस बल तैनात

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के कोतवाली बेहट क्षेत्र के झिनभरहेड़ी गांव (पठानपुरा) में जमीन विवाद को लेकर अचानक हिंसक झड़प हो गई। एक ही समुदाय के दो गुट आमने-सामने आ गए। पहले मौखिक कहा-सुनी शुरू हुई और देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी और रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद ईंट और पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही शांति बहाल हो सकी।
इस खूनी संघर्ष में महिलाओं समेत दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। चीख-पुकार और दहशत के बीच स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि पुलिस को तुरंत मौके पर दौड़ना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति पर काबू पाया। घायलों को एंबुलेंस से बेहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। तनाव की गंभीरता को देखते हुए, गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए झड़प के वीडियो
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें मारपीट, पत्थरबाजी और भारी अराजकता साफ देखी जा सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वे आरोपियों की पहचान कर रहे हैं। पहचान होते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, गांव में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और दहशत का माहौल है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।