असम में रेल हादसा, राजधानी एक्सप्रेस ने हाथी के झुंड को रौंदा, 8 की मौत, पटरी से उतरे 5 डिब्बे!

असम के होजई जिले में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। गुवाहाटी जा रही ‘साईरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस’ ने हाथियों के एक बड़े झुंड को टक्कर मार दी, जिसमें 8 हाथियों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन के 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई, लेकिन एक हाथी गंभीर रूप से घायल है।
इमरजेंसी ब्रेक भी नहीं बचा पाया जान: नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के अनुसार, यह घटना रात करीब 2:15 बजे जमुनामुख-कामपुर सेक्शन के बीच हुई। जैसे ही हाथियों का झुंड पटरी पर आया, चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण ट्रेन हाथियों से जा टकराई। हादसे के बाद डीआरएम और जीएम समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फंसे हुए यात्रियों को दूसरी बोगियों में शिफ्ट कर सुबह 6:15 बजे गुवाहाटी रवाना किया गया।
यातायात बाधित: वन विभाग के अधिकारी सुभाष कदम ने बताया कि फिलहाल ट्रेनों को वैकल्पिक रूट (यूपी लाइन) से निकाला जा रहा है। पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और स्थिति सामान्य करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। गुवाहाटी पहुंचने पर ट्रेन में अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे ताकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया जा सके।