‘हम झुकेंगे नहीं’, जलते दफ्तर के बीच डेली स्टार की दहाड़! प्रेस की आजादी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला

बांग्लादेश की पत्रकारिता के लिए गुरुवार की रात किसी दुःस्वप्न से कम नहीं थी। ढाका में देश के दो सबसे बड़े अखबारों, ‘द डेली स्टार’ और ‘प्रथम आलो’ के कार्यालयों पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल दफ्तरों में आग लगाई, बल्कि 150 से अधिक कंप्यूटर, कैमरे और कीमती सामान भी लूट लिए।
दम घुटने के कारण 28 पत्रकार जान बचाने के लिए घंटों छत पर फंसे रहे। हमलावरों ने दमकल की गाड़ियों को भी रास्ता नहीं दिया, जिससे तबाही और बढ़ गई।
डेली स्टार के 34 साल के इतिहास में यह पहला मौका था जब अखबार का प्रिंट एडिशन प्रकाशित नहीं हो सका। हालांकि, इस हमले के बाद अखबार ने डंके की चोट पर कहा है कि वे किसी के सामने झुकेंगे नहीं और सच लिखना जारी रखेंगे। सेना और पुलिस की मदद से घंटों बाद स्थिति पर काबू पाया गया। इसे बांग्लादेश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र पर सीधा प्रहार माना जा रहा है।