खड़गपुर में बड़ी डकैती की साजिश नाकाम! पुलिस ने बाहरी राज्य के ७ बदमाशों को दबोचा, ट्रक और कार जब्त

पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस ने खड़गपुर में एक बड़ी डकैती की योजना को विफल करते हुए बाहरी राज्य के सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रविवार तड़के खड़गपुर लोकल थाना क्षेत्र के अकरा बसंतपुर इलाके में नेशनल हाईवे १६ पर की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने घेराबंदी कर इन अपराधियों को उस समय धर दबोचा जब वे एक ट्रक और कार के साथ डकैती की फिराक में थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से डकैती में इस्तेमाल होने वाले हथियार, एक ट्रक और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी सातों आरोपी पश्चिम बंगाल के बाहर के रहने वाले हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है जो हाईवे पर लूटपाट और डकैती को अंजाम देता है। जिला पुलिस अधीक्षक पलाश चंद्र ढाली इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।