रक्षा मंत्रालय में घूसखोरी का बड़ा खुलासा, CBI ने 2.23 करोड़ कैश के साथ लेफ्टिनेंट कर्नल को दबोचा।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शनिवार को रक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी, लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को रिश्वत के एक बड़े मामले में गिरफ्तार किया है। शर्मा रक्षा उत्पादन विभाग में उप-योजना अधिकारी (अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एवं निर्यात) के पद पर तैनात थे। उनके साथ विनोद कुमार नामक एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है।

सीबीआई के अनुसार, दीपक शर्मा को बेंगलुरु की एक कंपनी से 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इसके बाद जब दिल्ली स्थित उनके आवास पर छापेमारी की गई, तो जांच एजेंसी की आंखें फटी रह गईं। वहां से 2.23 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। जांच की आंच राजस्थान के श्रीगंगानगर तक भी पहुंची, जहां शर्मा की पत्नी कर्नल काजल बाली के घर से 10 लाख रुपये जब्त किए गए। कर्नल काजल बाली वर्तमान में 16वीं इन्फैंट्री डिवीजन ऑर्डनेंस यूनिट की कमांडिंग ऑफिसर हैं।

आरोप है कि शर्मा रक्षा निर्यात से जुड़ी कंपनियों को अवैध लाभ पहुंचाने के बदले मोटी रकम वसूल रहे थे, जो सीधे तौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। इस मामले में दुबई स्थित एक कंपनी और कई निजी संचालकों के खिलाफ भी साजिश और भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *