शादी के बाद पैसे देने बंद किए तो प्रेमी को उतारा मौत के घाट! नैनीताल हत्याकांड में प्रेमिका दोषी करार।

नैनीताल के भीमताल में ५ साल पहले हुए नाजिम अली हत्याकांड में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। पूर्व प्रेमी द्वारा आर्थिक सहायता बंद करने से नाराज प्रेमिका अमरीन जहां और उसके साथी राधेश्याम शुक्ला को हत्या और आपराधिक साजिश का दोषी पाया गया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश हरीश कुमार गोयल की अदालत सोमवार, २२ दिसंबर को दोषियों की सजा का ऐलान करेगी।
जनवरी २०२० में हुई इस वारदात की वजह पैसे का विवाद थी। जांच में पता चला कि नाजिम की शादी के बाद अमरीन को मिलने वाली वित्तीय मदद बंद हो गई थी, जिससे नाराज होकर अमरीन ने राधेश्याम के साथ मिलकर नाजिम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। भीमताल घूमने के बहाने नाजिम को बुलाया गया और चंदा देवी मंदिर के पास गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाया था।