स्वास्थ्य राज्य मंत्री के क्षेत्र में ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ की एंट्री, उत्तर दमदम में ‘सेवाश्रय’ की शुरुआत।

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के बीच अभिषेक बनर्जी का ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इसी कड़ी में, राज्य की स्वास्थ्य राज्य मंत्री चद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने निर्वाचन क्षेत्र उत्तर दमदम में ‘सेवाश्रय’ स्वास्थ्य शिविरों की शुरुआत की है। रविवार को सांसद सौगत राय की उपस्थिति में इस योजना का उद्घाटन किया गया।
इस ‘सेवाश्रय’ कार्यक्रम के तहत उत्तर दमदम और नव बैरकपुर नगर पालिका क्षेत्रों के निवासियों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह, पैथोलॉजिकल टेस्ट (जैसे ECG, EMG) और दवाइयां पूरी तरह मुफ्त दी जाएंगी। यह अभियान २१ दिसंबर से शुरू होकर १६ जनवरी तक चलेगा। मंत्री चद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य सरकार ‘स्वास्थ्य साथी’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को लोगों के दरवाजे तक पहुंचा रही है।
इस पहल में बंगाल के कई बड़े निजी अस्पताल सहयोग कर रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से पहले मतदाताओं को लुभाने और जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने के लिए टीएमसी विधायक और सांसद अब अपने-अपने क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य मॉडलों को अपना रहे हैं।