भारत विरोधी नेता की हत्या का ‘मास्टरमाइंड’ रडार पर, यूनुस सरकार ने कसी कमर

कट्टरपंथी भारत-विरोधी नेता शरीफ ओसमान ह़ादी की हत्या के बाद बांग्लादेश में तनाव चरम पर है। ढाका में हुए हमले के बाद सिंगापुर में इलाज के दौरान ह़ादी की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे देश में हिंसा भड़क उठी। इस बीच, बांग्लादेश की यूनुस सरकार ने हत्यारों को पकड़ने के लिए अपनी जांच तेज कर दी है और मुख्य संदिग्ध की पहचान कर ली है।
मामले के मुख्य आरोपी की पहचान फैसल करीम मसूद के रूप में हुई है। ढाका की एक अदालत ने रविवार को मसूद के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है। पुलिस ने उसके खिलाफ देशव्यापी लुकआउट नोटिस जारी किया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि मसूद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा है, लेकिन वह अब भी बांग्लादेश की सीमा के भीतर ही है।
बता दें कि ह़ादी की मौत के बाद प्रदर्शनकारियों ने मीडिया हाउसों, सांस्कृतिक केंद्रों और भारतीय दूतावास तक को निशाना बनाया है। अफवाह उड़ी थी कि हत्यारा भारत भाग गया है, लेकिन पुलिस की हालिया कार्रवाई ने इन दावों को खारिज कर दिया है। फिलहाल, मसूद और उसके साथियों को दबोचने के लिए विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं।