‘बांग्लादेश में फैलाया जा रहा है उग्रवाद’, यूनुस सरकार पर बरसीं हसीना; भारत को लेकर कही ये बात

कट्टरपंथी नेता उस्मान हादी की मौत और बांग्लादेश में जारी अराजकता पर पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। एएनआई को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने यूनुस प्रशासन को ‘हताश’ करार देते हुए कहा कि वहां अब कानून का कोई नामोनिशान नहीं बचा है।
हसीना ने आरोप लगाया कि मोहम्मद यूनुस के पास देश चलाने का अनुभव नहीं है और चरमपंथी संगठन उनके कंधे पर बंदूक रखकर अपना एजेंडा चला रहे हैं। उन्होंने कहा, “जेल से आतंकवादियों को रिहा कर दिया गया है और उन्हें सरकार में जगह दी जा रही है। यह न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया की शांति के लिए खतरनाक है।”
भारत-बांग्लादेश संबंधों पर हसीना ने अफसोस जताते हुए कहा कि जो रिश्ता दशकों की मेहनत से बना था, उसे यूनुस सरकार ने बर्बाद कर दिया है। अल्पसंख्यकों पर हमले और भारतीय दूतावास को निशाना बनाने वाली ताकतों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जब बांग्लादेश में फिर से एक स्थायी लोकतांत्रिक सरकार आएगी, तब भारत के साथ संबंध फिर से मजबूत होंगे।