ट्रेन यात्रियों को लगेगा झटका! 26 दिसंबर से बढ़ रहा है रेल किराया; जानें नया रेट चार्ट

भारतीय रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। आगामी 26 दिसंबर से रेल किराए में मामूली बढ़ोतरी होने जा रही है। हालांकि, राहत की बात यह है कि लोकल ट्रेनों और मंथली पास के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि केवल एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों के किराए के ढांचे में बदलाव होगा।
नए नियमों के मुताबिक, यदि आप जनरल क्लास में 215 किमी से अधिक की यात्रा करते हैं, तो प्रति किमी 1 पैसा अतिरिक्त देना होगा। वहीं, नॉन-एसी मेल या एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए प्रति किमी 2 पैसे की दर से किराया बढ़ाया जाएगा। आसान शब्दों में कहें तो 500 किमी की यात्रा के लिए यात्री को अब केवल 10 रुपये अधिक खर्च करने होंगे।
किराया बढ़ाने के पीछे रेलवे ने बढ़ते परिचालन खर्च (Operating Cost) का हवाला दिया है। पिछले 10 वर्षों में नेटवर्क बढ़ने से कर्मचारियों के वेतन और पेंशन पर खर्च काफी बढ़ गया है। वित्त वर्ष 2024-25 में रेलवे का परिचालन खर्च 2.63 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस बढ़ोत्तरी से रेलवे को सालाना लगभग 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होने की उम्मीद है, जिससे वित्तीय स्थिति को सुधारने में मदद मिलेगी।