‘सेवन सिस्टर्स’ और ‘चिकन्स नेक’ पर चरमपंथियों की धमकी, शेख हसीना ने भारत को किया आगाह!

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भारत के उत्तर-पूर्वी राज्यों (सेवन सिस्टर्स) और सिलिगुड़ी कॉरिडोर यानी ‘चिकन्स नेक’ को लेकर चरमपंथी नेताओं द्वारा दी जा रही धमकियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। हसीना ने इन टिप्पणियों को ‘खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना’ करार देते हुए कहा कि मोहम्मद यूनुस के शासनकाल में चरमपंथी ताकतों ने अपनी ताकत बढ़ा ली है और यह उन्हीं की साजिश का हिस्सा है।
हसीना ने एक इंटरव्यू में कहा कि जिस भारत पर बांग्लादेश व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए निर्भर है, उसे इस तरह की धमकी देना पूरी तरह से बेवकूफी है। उन्होंने कहा, “यह भारत के साथ संबंधों को बिगाड़ने की कोशिश है। चरमपंथियों के ये बयान बांग्लादेश के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ हैं और इससे केवल बांग्लादेश का ही नुकसान होगा।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि ये धमकियां केवल कुछ नेताओं की मनगढ़ंत कल्पनाएं हैं और ये आम बांग्लादेशी नागरिकों की राय नहीं हैं। हसीना के अनुसार, “बांग्लादेश के लोग जानते हैं कि उनकी सुरक्षा और समृद्धि भारत के साथ अच्छे संबंधों में निहित है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि जब बांग्लादेश में लोकतंत्र की वापसी होगी, तब इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान भी बंद हो जाएंगे।