‘सुशासन की जीत’, अरुणाचल-महाराष्ट्र में प्रचंड जीत पर पीएम मोदी ने जताया आभार; पंजाब में चूकी बीजेपी

विधानसभा चुनावों की बड़ी जीत के बाद अब स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा का विजय रथ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अरुणाचल प्रदेश और महाराष्ट्र के स्थानीय चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है।
अरुणाचल प्रदेश में भाजपा ने जिला परिषद की 245 सीटों में से 170 पर कब्जा जमाया है, वहीं ईटानगर नगर निगम में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई। ग्राम पंचायत की 8,085 सीटों में से 6,085 सीटें जीतकर भाजपा ने अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। महाराष्ट्र में भी ‘महायुति’ ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 207 नगर परिषदों पर कब्जा किया है, जिसमें अकेले भाजपा के पास 117 सीटें हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत पर खुशी जताते हुए जनता का आभार व्यक्त किया है। हालांकि, पंजाब में भाजपा को झटका लगा है, जहां आम आदमी पार्टी का दबदबा कायम है और भाजपा चौथे स्थान पर खिसक गई है। अब सबकी नजरें गोवा के पंचायत चुनाव परिणामों पर टिकी हैं, जिसे आगामी विधानसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट माना जा रहा है।