‘जी चाहता है आत्महत्या कर लूं’, कुलदीप सिंह सेंगर की रिहाई पर फूट-फूट कर रोई पीड़िता

उन्नाव रेप कांड के दोषी और पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा पर दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा रोक लगाने और जमानत देने के फैसले ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इसके विरोध में मंगलवार रात दिल्ली गेट पर धरने पर बैठी पीड़िता और उसकी मां को दिल्ली पुलिस ने जबरन वहां से हटा दिया। आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें घसीटकर हटाया।
पीड़िता ने भावुक होकर कहा, “कोर्ट का फैसला सुनकर मेरा मन किया कि सुसाइड कर लूं। २०२७ के चुनाव को देखते हुए उसे जमानत दी गई है ताकि उसकी पत्नी चुनाव लड़ सके। अगर ऐसा अपराधी बाहर रहेगा, तो हम सुरक्षित कैसे रहेंगे?” पीड़िता ने कोर्ट से जमानत रद्द करने की गुहार लगाई है और अपनी जान को खतरा बताया है।
बता दें कि २०१७ के इस जघन्य कांड में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद कुलदीप को सजा हुई थी। कोर्ट ने जमानत देते समय शर्त रखी है कि वह पीड़िता के घर के ५ किमी के दायरे में नहीं जाएगा, लेकिन पीड़िता का परिवार इस फैसले से गहरे सदमे और खौफ में है।