विजय हजारे ट्रॉफी में रोहित का तूफान! मात्र ६२ गेंदों में जड़ा करियर का सबसे तेज शतक

विजय हजारे ट्रॉफी में एक बार फिर ‘रोहित-राज’ देखने को मिला। मुंबई के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सिक्किम के खिलाफ खेलते हुए रोहित शर्मा ने वो कर दिखाया, जिसकी उम्मीद उनके कट्टर आलोचकों को भी नहीं थी। २३७ रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने महज ६२ गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। इस पारी में उन्होंने ९ चौके और ८ गगनचुंबी छक्के जड़े।
दिलचस्प बात यह है कि यह रोहित के लिस्ट ए करियर का सबसे तेज शतक है। इससे पहले उनका सबसे तेज शतक ६३ गेंदों में था, जो उन्होंने २०२३ वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया था। स्टेडियम में मौजूद १२ हजार दर्शकों ने रोहित के ट्रेडमार्क पुल शॉट्स का जमकर लुत्फ उठाया।
सिर्फ रोहित ही नहीं, बेंगलुरु में विराट कोहली ने भी १६ साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी करते हुए आंध्र के खिलाफ शानदार शतक जड़ा। कोहली और रोहित, दोनों ने एक ही दिन शतक बनाकर यह साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक नंबर है। फिटनेस और वजन को लेकर ट्रोल करने वालों को रोहित ने अपने बल्ले से करारा जवाब दिया है। पिछले ६ मैचों में ३८४ रन बनाकर रोहित ने दिखा दिया है कि वनडे फॉर्मेट में आज भी उनसे बड़ा कोई ‘हंटर’ नहीं है।