“बुरी शक्तियों के आगे नहीं झुकेंगे”, TMC के स्थापना दिवस पर ममता का संदेश; कल से मैदान में सेनापति

साल 2026 की शुरुआत के साथ ही पश्चिम बंगाल में चुनावी बिगुल फूंका जा चुका है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के स्थापना दिवस पर ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को ‘अंतिम युद्ध’ के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। ममता बनर्जी ने साफ कहा कि किसी भी “बुरी ताकत” के सामने सिर झुकाने की जरूरत नहीं है, जबकि अभिषेक ने नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया है।

अभिषेक बनर्जी शुक्रवार से ही अपने मिशन 2026 का आगाज कर रहे हैं। बरुईपुर में उनकी पहली बड़ी रैली होने जा रही है, जिसके बाद वह पूरे जनवरी महीने में उत्तर और दक्षिण बंगाल के हर महत्वपूर्ण जिले का दौरा करेंगे। 3 जनवरी को उत्तर बंगाल (अलीपुरद्वार-जलपाईगुड़ी) से शुरू होकर उनका सफर बीरभूम, मालदा, उत्तर दिनाजपुर और कृष्णानगर होते हुए जंगलमहल तक जाएगा। 15 और 16 जनवरी को वह तमलुक और मेदिनीपुर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे।

अभिषेक की यह सक्रियता केवल बंगाल की सड़कों तक सीमित नहीं है। गुरुवार को उन्होंने दिल्ली में चुनाव आयोग की फुल बेंच से मुलाकात की और एसआईआर (SIR) से जुड़े मुद्दों पर कड़े सवाल पूछे। बताया जा रहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ उनकी बातचीत काफी तीखी रही। साफ है कि 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली से लेकर बंगाल के गांवों तक अपनी बिसात बिछा दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *