न्यूजीलैंड सीरीज से पहले टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन! नेट प्रैक्टिस में बुरी तरह चोटिल हुए ऋषभ पंत

न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए हैं। वड़ोदरा क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस के दौरान थ्रो-डाउन विशेषज्ञ की गेंद सीधे पंत की कमर के ऊपरी हिस्से पर जा लगी।
गेंद लगते ही पंत दर्द से कराहते हुए नजर आए। तुरंत टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और मेडिकल टीम उनकी मदद के लिए मैदान पर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद पंत को मैदान से बाहर जाना पड़ा। इस घटना के बाद भारतीय खेमे में अफरा-तफरी का माहौल दिखा। कप्तान शुभमन गिल को भी चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के साथ लंबी बातचीत करते देखा गया, जिससे पंत की चोट को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
पंत ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 7 मैचों में 42.40 की औसत से 212 रन बनाए थे। अगर पंत पहले वनडे तक फिट नहीं होते हैं, तो यह भारत के लिए एक बड़ा झटका होगा। पहला वनडे सोमवार को वड़ोदरा में खेला जाना है।