AI ने चुरा ली भाई की आवाज! इंदौर की टीचर से ठग लिए १ लाख रुपये, आप भी हो जाएं सावधान

इंदौर में एआई (AI) के जरिए ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं। जालसाजों ने एक स्कूल टीचर के भाई की आवाज की हूबहू नकल कर उनसे करीब १ लाख रुपये ठग लिए। मध्य प्रदेश में एआई-आधारित ‘वॉयस मॉड्यूलेशन’ धोखाधड़ी का यह पहला पुख्ता मामला माना जा रहा है।
पीड़ित शिक्षिका स्मिता ६ जनवरी की रात अपने परिवार के साथ डिनर कर रही थीं, तभी उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को उनका भाई बताया, जो यूपी पुलिस में है। जालसाज ने इतनी सफाई से आवाज निकाली कि स्मिता को शक ही नहीं हुआ। उसने कहा कि उसके एक दोस्त को हार्ट अटैक आया है और इंदौर के अस्पताल में सर्जरी के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है।
भावुक होकर स्मिता ने जालसाज द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर चार बार में कुल ९७,५०० रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलते ही नंबर ब्लॉक कर दिया गया। अगले दिन जब असली भाई से बात हुई, तब इस बड़ी साजिश का खुलासा हुआ। एडिशनल डीसीपी (क्राइम) राजेश दंडोतिया ने बताया कि यह पूरी तरह से एआई तकनीक का खेल है।