“मुझे अकेला छोड़ दो, मेरा चरित्र हनन बंद करो!” तलाक और धोखाधड़ी पर छलका मैरी कॉम का दर्द

भारत की दिग्गज मुक्केबाज और छह बार की विश्व चैंपियन एमसी मैरी कॉम ने अपनी निजी जिंदगी के ‘सबसे काले दौर’ को लेकर एक भावुक अपील की है। ४३ वर्षीय मैरी कॉम ने बताया कि पति ओनलर के साथ तलाक, भारी वित्तीय संकट और लगातार हो रहे निजी हमलों ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि उनके चरित्र को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों ने उन्हें चुप्पी तोड़ने पर मजबूर कर दिया है।

मैरी कॉम ने खुलासा किया कि २०२२ के कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले जब वह गंभीर चोट के कारण बिस्तर पर थीं, तब उन्हें एहसास हुआ कि जिस व्यक्ति पर उन्होंने भरोसा किया, उसने उन्हें धोखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओनलर ने उनकी प्रॉपर्टी अपने नाम करवा ली और करोड़ों रुपये का कर्ज ले लिया। मैरी कॉम के मुताबिक, उनकी मेहनत की कमाई से खरीदी गई जमीन भी उनके हाथ से निकल गई। उन्होंने कहा, “मुझ पर लालची होने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि सच यह है कि मुझे पूरी तरह लूट लिया गया।”

२०२३ में तलाक होने के बाद भी सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। मैरी कॉम ने रोते हुए कहा, “मेरी इतनी उपलब्धियों का क्या फायदा, जब मुझे ही विलेन की तरह पेश किया जा रहा है? मैं पुलिस कार्रवाई नहीं चाहती, बस इतना चाहती हूं कि मुझे बदनाम करना बंद किया जाए।” चार बच्चों की मां मैरी कॉम अब विज्ञापनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के जरिए खुद को दोबारा आर्थिक रूप से स्थिर करने की कोशिश कर रही हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *