बेंगलुरु में मौत का तांडव! नशे में धुत ड्राइवर ने मचाया कोहराम, सीसीटीवी वीडियो देख कांप जाएगी रूह

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक मद्यपान किए हुए ड्राइवर की लापरवाही कई मासूमों की जान ले सकती थी। गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे स्थित एक रेस्टोरेंट और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देख किसी के भी होश उड़ जाएं।
पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय आरोपी ड्राइवर नशे की हालत में वाहन चला रहा था। वह 18वीं मेन रोड से 100 फीट रोड की ओर बुलेट की रफ्तार से आ रहा था। अचानक कार से नियंत्रण खो गया और वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डिवाइडर को पार करते हुए एक खड़ी बाइक को रौंदते हुए सीधे एक रेस्टोरेंट के अंदर घुस गई।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फुटपाथ पर खड़े कुछ लोग मौत के मुंह से महज कुछ इंच की दूरी से वापस आए। अगर कार की दिशा थोड़ी भी अलग होती, तो वहां मौजूद लोगों का बचना नामुमकिन था। इस टक्कर में रेस्टोरेंट और बाइक को भारी नुकसान पहुँचा है। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव और लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है।