शाही स्नान का शुभ मुहूर्त शुरू! चप्पे-चप्पे पर ड्रोन की नज़र, गंगासागर में उमड़ी भारी भीड़

मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गंगासागर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने सागर तट को एक विशाल आध्यात्मिक केंद्र में बदल दिया है। कपिल मुनि के मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक लगभग ६० लाख से अधिक श्रद्धालु गंगासागर पहुँच चुके हैं। आज दोपहर १:१९ बजे से स्नान का शुभ मुहूर्त शुरू हो रहा है, जिसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि श्रद्धालुओं की कुल संख्या एक करोड़ के आंकड़े को पार कर सकती है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सिविल डिफेंस के जवानों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा और सुविधा के कड़े इंतजाम: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। सभी बसों और जहाजों में जीपीएस (GPS) ट्रैकर लगाए गए हैं और यात्रियों की मदद के लिए ‘सागर बंधु’ तैनात किए गए हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहनों की गति सीमा ४० किमी प्रति घंटा तय की गई है। रेलवे द्वारा हावड़ा और सियालदह से अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं।
ड्रोन और तकनीक से निगरानी: पूरे मेला परिसर की निगरानी के लिए २० ड्रोन और १२०० सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। भीड़ नियंत्रण के लिए बाबूघाट से सागर तक १९ बफर जोन बनाए गए हैं। अब तक साढ़े चार लाख श्रद्धालुओं को मुफ्त सचित्र प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है; अब तक ११२ असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया है। आध्यात्मिक चर्चाओं और सूचनाओं के प्रसार के लिए परिसर में ४९ विशाल स्क्रीन और ७ वाईफाई बूथ भी स्थापित किए गए हैं।