चुनावी वादा निभाने के लिए ५०० कुत्तों का ‘नरसंहार’! तेलंगाना की इस क्रूरता से दहला देश

तेलंगाना से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। राज्य के कामारेड्डी और हनमकोंडा जिलों में चुनावी वादा पूरा करने के नाम पर लगभग ५०० आवारा कुत्तों की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। आरोप है कि कुछ सरपंचों ने चुनाव जीतने के लिए गांव को ‘कुत्ता मुक्त’ करने का वादा किया था, जिसे निभाने के लिए इन बेजुबानों को जहरीले इंजेक्शन देकर मार डाला गया।
वारदात का खुलासा: १२ जनवरी २०२६ को ‘स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया’ के अधिकारी अदुलपुरम गौतम ने माचारेड्डी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, पालवांचा मंडल के ५ गांवों में सरेआम सरपंचों की मौजूदगी में २०० कुत्तों को जहर दिया गया। वहीं, हनमकोंडा जिले में ३०० अन्य कुत्तों को मारने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में महिला सरपंचों और उनके पतियों सहित ९ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के बीच हुई इस घटना ने देशभर के पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।