बीकानेर गैंगरेप केस: 5 दिनों तक डरी-सहमी रही छात्रा, अब सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी हंसराज और वकील

राजस्थान के बीकानेर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां स्कूल जा रही 12वीं की एक छात्रा को चलती गाड़ी में अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया गया। इस मामले में बीकानेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हंसराज (28) और वकील (23) के रूप में हुई है।
घटना 6 जनवरी की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता सुबह स्कूल के लिए निकली थी, तभी आरोपियों ने उसे रोका। छात्रा आरोपियों में से एक को पहले से जानती थी, जिसने उसे स्कूल छोड़ने का भरोसा दिलाकर गाड़ी में बिठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने कई घंटों तक गाड़ी दौड़ाई और चलती कार में बारी-बारी से छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
खौफ के कारण पीड़िता ने 5 दिनों तक चुप्पी साधे रखी, लेकिन 11 जनवरी को परिजनों ने नापसार थाने में शिकायत दर्ज कराई। बीकानेर के पुलिस अधीक्षक कविंद्र सागर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीमें गठित की और आरोपियों को दबोच लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।