अब विदेश नहीं जाएंगे हमारे बच्चे! सीएम मान ने पंजाब के युवाओं को दिया 15 करोड़ का बड़ा तोहफा

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब को फिर से “रंगला पंजाब” बनाने के अपने संकल्प को दोहराते हुए आज अजनाला के सीमावर्ती गांव बकरौर में 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सरकारी डिग्री कॉलेज का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पिछली सरकारों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने राज्य की संस्थाओं को खोखला किया, जिसके कारण हमारे युवाओं को रोजगार के लिए विदेशों में भटकने पर मजबूर होना पड़ा।
यह नया कॉलेज महान शख्सियत ‘बाबा गमचुक्क जी महाराज’ के नाम पर समर्पित होगा। लगभग 15 एकड़ में बनने वाले इस संस्थान से आसपास के 50 गांवों के युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि यहाँ पारंपरिक विषयों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल शिक्षा जैसे आधुनिक कोर्स भी पढ़ाए जाएंगे, ताकि पंजाब के छात्र वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जिन परिवारों ने कॉलेज के लिए भूमि दान की है, उनके बच्चों को इस संस्थान में मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि आप सरकार अब तक 63,000 से अधिक युवाओं को केवल योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दे चुकी है।
सीमावर्ती किसानों की समस्या पर बोलते हुए सीएम मान ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कांटेदार तारों को और आगे खिसकाने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, जिससे किसानों की हजारों एकड़ जमीन खेती के लिए उपलब्ध हो सकेगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने भी शिरकत की और इसे सीमावर्ती क्षेत्र के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया।