‘धुरंधर 2’ का टीजर तैयार, सेंसर बोर्ड ने दिया ‘A’ सर्टिफिकेट, जानें क्या है फिल्म का पूरा नाम?

बॉक्स ऑफिस पर १३०० करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रचने वाली फिल्म ‘धुरंधर’ के सीक्वल का इंतजार अब खत्म होने वाला है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने शाहरुख खान की ‘जवान’ और ‘पठान’ को पछाड़कर ‘दंगल’ के बाद बॉलीवुड की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म का खिताब हासिल किया है। अब ‘धुरंधर 2’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जो फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीक्वल का टाइटल ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ तय किया गया है। १९ जनवरी को सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म के टीजर को मंजूरी दे दी है, लेकिन इसे ‘A’ (वयस्क) सर्टिफिकेट दिया गया है। टीजर का रनटाइम १ मिनट ४८ सेकंड है। निर्माताओं ने इस बार टीजर को छोटा रखा है ताकि फिल्म की कहानी और सस्पेंस बरकरार रहे। दिलचस्प बात यह है कि इस टीजर को २३ जनवरी को रिलीज हो रही फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जा सकता है।
मार्च में रिलीज होने वाली इस फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ होगी। दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त क्लैश होने की संभावना है। रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर. माधवन और सारा अली खान जैसे सितारों से सजी यह फिल्म अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ पाती है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल, फैंस को २३ जनवरी का इंतजार है जब उन्हें फिल्म की पहली झलक देखने को मिलेगी।