अभिषेक बनर्जी ने रखा बेटे का नाम ‘आपन’, पर पिता दानिश की घर वापसी पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला!

पश्चिम बंगाल के बीरभूम की रहने वाली सोनाली खातून के घर में खुशियां तो आई हैं, लेकिन वो अधूरी हैं। सोनाली ने हाल ही में एक बेटे को जन्म दिया है, जिसका नाम टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने ‘आपन’ रखा है। हालांकि, बच्चे के पिता दानिश शेख अभी भी बांग्लादेश में हिरासत में हैं। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई हुई, लेकिन सोनाली को फिलहाल निराशा ही हाथ लगी है। शीर्ष अदालत ने केंद्र सरकार की अर्जी को स्वीकार करते हुए सुनवाई दो हफ्ते के लिए टाल दी है।
पूरा मामला जून २०२५ का है, जब दिल्ली पुलिस ने सोनाली, दानिश और अन्य १६ लोगों को पकड़कर बांग्लादेश भेज (पुशबैक) दिया था। इस मुद्दे पर ममता बनर्जी की सरकार और तृणमूल कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया था। इसके बाद दिसंबर में गर्भवती सोनाली और उनके ८ साल के बेटे को भारत वापस लाया गया, लेकिन दानिश शेख समेत चार लोग अब भी सीमा पार फंसे हुए हैं।
मंगलवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि सरकार राजनयिक स्तर पर उन्हें वापस लाने का प्रयास कर रही है और इसके लिए थोड़े और समय की आवश्यकता है। वहीं सोनाली के पिता भादु शेख के वकील ने दलील दी कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने उन्हें सितंबर २०२५ तक वापस लाने का आदेश दिया था। फिलहाल मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत की पीठ ने मामले की अगली सुनवाई १४ दिन बाद तय की है। अब देखना यह है कि क्या ‘आपन’ को अपने पिता का प्यार मिल पाएगा या कानूनी पेचदगियां इस परिवार को और दूर रखेंगी।