नोएडा इंजीनियर मौत मामला: डेढ़ घंटे तक कार में जिंदगी के लिए तड़पा युवक, निर्माण कंपनी का मालिक अरेस्ट!

नोएडा के सेक्टर १५० में एक युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने पहली बड़ी गिरफ्तारी की है। विशटाउन प्लानर्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक अभय कुमार को लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उनके साथी मनीष कुमार की तलाश जारी है।

शनिवार देर रात युवराज की कार एक निर्माणाधीन मॉल के लिए खोदे गए २० फीट गहरे गड्ढे में गिर गई थी। यह गड्ढा २०२१ से खुला पड़ा था और बारिश के पानी के कारण तालाब बन चुका था। चौंकाने वाली बात यह है कि कार डूबने के बाद भी युवराज करीब डेढ़ घंटे तक जिंदा थे। उन्होंने कार के अंदर से अपने पिता और दोस्तों को फोन कर बचाने की गुहार लगाई थी, लेकिन समय पर मदद न मिलने के कारण उनकी डूबने से मौत हो गई।

इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए एसआईटी (SIT) जांच के आदेश दिए हैं। लापरवाही बरतने के आरोप में नोएडा अथॉरिटी के सीईओ लोकेश एम को भी उनके पद से हटा दिया गया है। युवराज के पिता ने बिल्डर कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर ५ साल तक बिना किसी सुरक्षा मानकों के इतना गहरा गड्ढा क्यों खुला छोड़ दिया गया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *