विधानसभा चुनाव से पहले ममता का ‘मास्टरस्ट्रोक’! ३ सरकारी योजनाओं पर टिकी नजर, जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश!

पश्चिम बंगाल में २०२६ के विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई हैं। मंगलवार को नबन्ना (राज्य सचिवालय) में जिलाधिकारियों (DM) के साथ हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री ने तीन प्रमुख सरकारी परियोजनाओं को अपनी प्राथमिकता बताया। सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी ने ‘बंगला बाड़ी’, ‘पथश्री’ और ‘आमादेर पाड़ा-आमादेर समाधान’ को ‘पाखीर चोख’ यानी मुख्य लक्ष्य बनाने का निर्देश दिया है।
करीब २५ मिनट चली इस बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले इन योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच जाना चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को चेतावनी दी कि ‘आमादेर पाड़ा-आमादेर समाधान’ शिविरों में पीने के पानी की किल्लत की शिकायतें मिल रही हैं, जिन्हें तुरंत दूर किया जाना चाहिए। ममता बनर्जी ने कहा कि शिकायतों पर कार्रवाई करने में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़कों की जर्जर हालत को देखते हुए ‘पथश्री’ योजना के तहत मरम्मत कार्य में तेजी लाने और ‘बंगला बाड़ी’ के तहत गरीबों को घर दिलाने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री का मानना है कि चुनाव की घोषणा के बाद कोई नया फंड जारी नहीं हो पाएगा, इसलिए प्रशासन को अभी से युद्ध स्तर पर काम करना होगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन तीन योजनाओं के जरिए ममता सरकार जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।