यूपी में फिर बदला नाम: अब हाजीपुर कहलाएगा ‘सियारमपुर’, योगी सरकार का चुनाव से पहले बड़ा फैसला

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों की आहट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाम बदलने की अपनी नीति को आगे बढ़ाते हुए दो बड़े फैसले लिए हैं। प्रदेश सरकार ने हरदोई और फिरोजाबाद जिलों में स्थानीय भावनाओं का सम्मान करते हुए ग्राम पंचायत और गांव के नाम बदल दिए हैं। हरदोई जिले के भरावन ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ‘हाजीपुर’ ग्राम पंचायत का नाम अब बदलकर ‘सियारमपुर’ कर दिया गया है। ग्रामीणों और स्थानीय प्रतिनिधियों की यह मांग लंबे समय से लंबित थी, जिस पर शनिवार को आधिकारिक मुहर लग गई।

इसके साथ ही, फिरोजाबाद जिले की शिकोहाबाद तहसील के ‘उरमुरा किरार’ गांव का नाम बदलकर अब ‘हरिनगर’ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया है। गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ इससे पहले कुशीनगर के फाजिलनगर को भगवान महावीर से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भ के कारण ‘पावा नगर’ और लखीमपुर खीरी के मुस्तफाबाद को ‘कबीरधाम’ नाम दे चुके हैं। जानकारों का मानना है कि पंचायत चुनाव से ठीक पहले लिया गया यह निर्णय स्थानीय अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *