Weather Update: क्या फरवरी में ही शुरू हो जाएगी गर्मी? IMD की चेतावनी- सामान्य से ज्यादा रहेगा तापमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को फरवरी 2026 के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जो थोड़ा चिंताजनक है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के अनुसार, इस महीने देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। यानी इस बार फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी का अहसास हो सकता है।
बारिश की कमी और शुष्क मौसम: मौसम विभाग के मुताबिक, फरवरी में देश भर में मासिक बारिश सामान्य से कम (LPA के 81% से कम) होने की उम्मीद है। उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की भारी कमी देखी जा सकती है। केवल पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। जनवरी में भी देश में सामान्य से 31.5% कम बारिश दर्ज की गई थी, और यही शुष्क स्थिति फरवरी में भी जारी रहने के आसार हैं।
तापमान और शीतलहर का असर: IMD ने स्पष्ट किया है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शीतलहर की स्थिति सामान्य से कम रहेगी। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत को छोड़कर, देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। हालांकि, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में 1 फरवरी से भारी बर्फबारी और तूफान की चेतावनी दी गई है, जिससे मैदानी इलाकों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव आ सकता है। लेकिन कुल मिलाकर, फरवरी का महीना पिछले सालों की तुलना में अधिक गर्म रहने वाला है।