वेनेजुएला के तेल खजाने पर अब निजी कंपनियों का कब्जा डेलसी रोड्रिगेज ने कानून पर किए हस्ताक्षर

वेनेजुएला में दशकों से चले आ रहे तेल उद्योग पर सरकारी नियंत्रण को समाप्त कर दिया गया है। कार्यकारी राष्ट्रपति डेलसी रोड्रिगेज ने गुरुवार को तेल क्षेत्र में सुधार से संबंधित एक नए कानून पर हस्ताक्षर किए, जिससे अब तेल उत्पादन, शोधन और बिक्री पर निजी कंपनियों का पूर्ण नियंत्रण होगा। रोड्रिगेज के अनुसार, देश के बेहतर भविष्य और आने वाली पीढ़ी को नया वेनेजुएला उपहार में देने के लिए यह निजीकरण अनिवार्य था।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बड़े आर्थिक बदलाव के पीछे अमेरिकी दबाव और रणनीतिक हित छिपे हैं। निकोलस मादुरो को हिरासत में लेकर अमेरिका ले जाए जाने के बाद से ही वेनेजुएला की राजनीति में हलचल तेज है। इस कानून पर मुहर लगाने से पहले रोड्रिगेज ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश सचिव मार्को रुबियो से संवाद किया था। आलोचकों का तर्क है कि मादक पदार्थों के आतंकवाद के बहाने अमेरिका का असली लक्ष्य वेनेजुएला के विशाल तेल भंडारों तक पहुंच बनाना ही था।