पत्नी से झगड़ा, मासूम बेटे की हत्या! दिल्ली में सौतेले पिता की रूह कंपा देने वाली हैवानियत

उत्तर-पूर्व दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अपनी पत्नी से हुए विवाद का बदला लेने के लिए एक सौतेले पिता ने उसके 12 साल के मासूम बेटे को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के आरोपी वाजिद खान को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक बालक की मां ने अपने पहले पति की मौत के बाद 2020 में वाजिद से शादी की थी। वाजिद पेशे से ई-रिक्शा चालक है। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। वारदात से पांच दिन पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद महिला घर छोड़कर अपनी बहन के पास रहने चली गई। वाजिद ने उसे बार-बार वापस आने को कहा, लेकिन जब वह नहीं मानी, तो वाजिद ने खौफनाक बदला लेने की साजिश रची।
गुरुवार को वाजिद अपने दो सौतेले बेटों को स्कूल से लेने पहुंचा। वह उन्हें अपने ई-रिक्शा में बिठाकर शास्त्री पार्क चौक के पास एक सुनसान जंगल में ले गया। उसने अपने 15 साल के बड़े बेटे को रिक्शा में ही इंतजार करने को कहा और 12 साल के छोटे बेटे को बहाने से जंगल के अंदर ले गया। वहां उसने पत्थर और लाठी से मासूम पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को धर दबोचा है, जिसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।