विधानसभा में गूंजा ‘मीणा हाईकोर्ट’ का मुद्दा! विधायक दीनदयाल बैरवा के तीखे सवाल, क्या सरकारी रिकॉर्ड में है इसका वजूद?

राजस्थान की १६वीं विधानसभा के पांचवें सत्र में दौसा से नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा ने एक तारांकित प्रश्न पूछकर प्रदेश की सियासत गरमा दी है। विधायक बैरवा ने नांगल राजावतान के प्यारिवास गांव में स्थित कथित ‘मीणा हाईकोर्ट’ को लेकर सरकार से तीन प्रमुख सवालों के लिखित जवाब मांगे हैं। उनके इस सवाल के बाद राजस्व विभाग के सहायक सचिव के निर्देश पर जिला कलेक्टर कार्यालय ने संबंधित एसडीएम और तहसीलदार से तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है।
विधायक बैरवा का पहला और सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि क्या राजस्व रिकॉर्ड में ‘मीणा हाईकोर्ट’ नाम की किसी जगह का उल्लेख है? यदि नहीं, तो प्यारिवास में जिस स्थान को इस नाम से पुकारा जाता है, वह किस खसरा नंबर और किस आधार पर निर्मित किया गया है। उन्होंने इस स्थान के निर्माण में हुए वर्षवार खर्च का विवरण भी मांगा है। गौरतलब है कि उपचुनाव में भाजपा के जगमोहन मीणा को हराने के बाद बैरवा का यह रुख क्षेत्र में प्रशासनिक और राजनीतिक पारदर्शिता को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब अधिकारियों द्वारा भेजी गई रिपोर्ट और सरकार के जवाब पर सबकी नजरें टिकी हैं।